27 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बजौरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों व पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य गांवों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना और ग्रामीण परिवारों की आर्थिकी को सुदृढ़ करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गाय के दूध का खरीद मूल्य 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया है। इससे किसानों और पशुपालकों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों और बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने में भी सहयोग दिया जा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
जनसभा के उपरांत तांदी गांव के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां, पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा और राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।