ऊना में 220 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य, मुकेश अग्निहोत्री ने 5.79 करोड़ के विद्युत उपकेंद्र उन्नयन कार्य का किया शिलान्यास

27 अक्तूबर: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिला बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिले में 220 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए 75 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली उत्पादन के साथ-साथ विद्युत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड में 5.79 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र के आधुनिकीकरण एवं उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की 14 पंचायतों के करीब 15 हजार लोगों को बिजली की अघोषित कटौती से राहत मिलने की उम्मीद है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस कार्य को अगली गर्मियों से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने 37.48 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत उपमंडल खड्ड के भवन का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। उन्होंने 3.82 करोड़ रुपये की लागत से चंदपुर खड्ड पर बनने वाले 60 मीटर लंबे चंदपुर-ललड़ी पुल का भी शिलान्यास किया। पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिले में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। जिले में तीन 220 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें बाथू, बीत और पेखूबेला शामिल हैं। इन उपकेंद्रों के निर्माण से आने वाले समय में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की बिजली संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में अब तक 1400 बिजली के खंभे लगाए जा चुके हैं। विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका है। उन्होंने बिजली क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए विभागीय अधिकारियों की सराहना की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 18 पुलों का निर्माण कार्य चल रहा है। पंडोगा से त्यूड़ी के बीच बन रहा पुल भी क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इसका आकार हरोली-रामपुर पुल के लगभग बराबर है और इसे जल्द तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संपर्क मार्गों की कमी को दूर करने के लिए मिसिंग लिंक जोड़ने और पुलों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, ग्राम पंचायत भैणी खड्ड की प्रधान बंदना कुमारी, ग्राम पंचायत खड्ड की प्रधान उर्मिला, ग्राम पंचायत लोअर पंजाबर के प्रधान प्रमोद, एडवोकेट वीरेंद्र मनकोटिया और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इससे पहले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री अपने ओएसडी विक्रांत सिंह ठाकुर की माता स्वर्गीय आशा रानी की आत्मिक शांति के लिए ऊना के देव हाउस, टक्का रोड में आयोजित धर्म शांति एवं रस्म पगड़ी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *