27 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में लाहलड़ी के पास टिप्पर और स्कूटी के बीच हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक की पहचान 52 वर्षीय कमलदेव निवासी लगदेवी के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति दोसड़का, हमीरपुर का निवासी है और उसकी उम्र करीब 49 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे टिप्पर के ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी के साथ टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कूटी पैरापिट से जा टकराई, जबकि टिप्पर भी पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया।
हादसे में घायल दोनों व्यक्तियों को एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने कमलदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार किया गया।
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।