सोलन में जन समस्याओं के समाधान पर जोर, मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने 200 करोड़ के आधुनिक अस्पताल सहित विकास कार्यों की समीक्षा की

27 अक्तूबर: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार जन समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने और आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने यह बात सोमवार को सोलन स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनने के बाद जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए कही।

डॉ. शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच रही है। सभी जिलों में जन शिकायतों का निवारण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोलन जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में लोगों की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सोलन जिले के कथेड़ में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बहुद्देशीय आधुनिक अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। इस अस्पताल के शुरू होने से प्रदेशवासियों और पर्यटकों को सामान्य उपचार के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि कंडाघाट उपमंडल के टिक्करी गांव में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दिव्यांगजन उत्कृष्टता केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। इस केंद्र में करीब 300 दिव्यांग विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेष कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा। संस्थान में 500 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया जाएगा।

डॉ. शांडिल ने सोलन शहर में पेयजल समस्या की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इसके स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सोलन विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा भी की और अधिकारियों से योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया।

उन्होंने जन प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करें, ताकि कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और लोगों को इनका लाभ समय पर मिल सके।

इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने सोलन शहर में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान का शुभारंभ भी किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष डॉ. कर्नल संजय शांडिल, हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, खंड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अमित ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा, सोलन के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, विश्वकर्मी समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन हिमाचली, उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *