हिमाचल बोर्ड का बड़ा फैसला, 3 अनिवार्य विषय पास करने वाले ही दे सकेंगे दूसरी परीक्षा

17 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं की ड्यूल परीक्षा प्रणाली के तहत होने वाली दूसरी परीक्षा के लिए नई पात्रता तय कर दी है। बोर्ड के अनुसार अब वही विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में बैठ सकेंगे, जिन्होंने 5 अनिवार्य विषयों में से कम से कम 3 विषय पास किए हों।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी, हिंदी, गणित, साइंस और सामाजिक विज्ञान में से 3 विषय पास करने वाले छात्रों को आवश्यक सुधार श्रेणी में रखा जाएगा। यदि विद्यार्थी दूसरी परीक्षा में बचे हुए दोनों विषय पास कर लेते हैं तो उन्हें सफल घोषित किया जाएगा। वहीं एक विषय में पास होने पर कंपार्टमेंट और दोनों में फेल होने पर अनिवार्य पुनरावृत्ति श्रेणी में रखा जाएगा।

स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जो विद्यार्थी सभी विषयों में पास हैं लेकिन अंक सुधारना चाहते हैं, वे अधिकतम 3 विषयों में सुधार परीक्षा दे सकेंगे। कंपार्टमेंट वाले विद्यार्थियों को भी दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *