युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी के निधन से रद्द हुआ सीएम सुक्खू का होली दौरा, हेलिकॉप्टर में खराबी से अंतिम यात्रा में नहीं पहुंच पाए मुख्यमंत्री

23 अक्तूबर: युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट की चपेट में आने से मौत के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का होली घाटी का दो दिवसीय दौरा रद्द हो गया। बुधवार देर रात हुई इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने होली में प्रस्तावित उद्घाटन, शिलान्यास और अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिए। मुख्यमंत्री का गुरुवार दोपहर बाद चंद्रमणि कुलेठी की अंतिम यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते वह शिमला से होली के लिए रवाना नहीं हो सके।

चंद्रमणि कुलेठी की मौत से होली क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। दुखद घटना के चलते गुरुवार को होली बाजार पूरी तरह बंद रहा। दोपहर बाद चंद्रमणि कुलेठी का रावी नदी के किनारे अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गुरुवार को चंबा जिले की होली घाटी में दो दिवसीय प्रवास प्रस्तावित था। इस दौरान उन्हें विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास सहित अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था। इसी बीच युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की करंट लगने से मौत की सूचना मिली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दौरे के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।

चंद्रमणि कुलेठी के निधन से हिमाचल कांग्रेस में शोक की लहर है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह और चंद्र कुमार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, विनोद जिंटा सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक नीरज नैयर सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर शोक जताया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *