17 मई: नगर परिषद चंबा चुनाव के दौरान एक दुखद घटना सामने आई, जहां वोट डालने जा रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की रास्ते में ही मौत हो गई। जनसाली वार्ड निवासी अंजनी शर्मा अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन मतदान केंद्र पहुंचने से पहले ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि मतदान केंद्र से कुछ दूरी पहले वे सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मौत की वजह हृदय गति रुकना मानी जा रही है।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मतदान के दिन हुई इस अचानक घटना से स्थानीय लोग और परिजन गहरे सदमे में हैं।