संजौली से रामपुर और रिकांगपिओ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, 4 माह में हमीरपुर, चंबा और पालमपुर भी जुड़ेंगे : मुख्यमंत्री

23 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर प्रवास के दौरान किया अपना वादा निभाते हुए शिमला के संजौली से रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया। क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत शुरू की गई ‘हेली-हॉप हिमाचल’ सेवा सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले चार माह में हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की जाएंगी।

इस सेवा के तहत हेलीकॉप्टर सुबह 9:55 बजे संजौली से उड़ान भरकर 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 10:50 बजे रामपुर से रिकांगपिओ के लिए उड़ान भरेगा और 11:25 बजे वहां पहुंचेगा। वापसी में हेलीकॉप्टर सुबह 11:30 बजे रिकांगपिओ से उड़ान भरकर दोपहर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे रामपुर से संजौली के लिए उड़ान भरेगा और 12:45 बजे संजौली पहुंचेगा। यह सेवा सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का साधन नहीं, बल्कि पहाड़ों में विकास की नई संभावनाओं का प्रतीक है। इससे यात्रा का समय कम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हर कोने को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोगों को सुगम और समयबद्ध संपर्क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिमला में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए भी जमीन चिन्हित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन उड़ानों के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वायबिलिटी गैप फंडिंग) की पूरी राशि प्रदेश सरकार वहन कर रही है। इस पर सरकार लगभग 35.70 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च कर रही है। इसके अलावा, प्रदेश में जिला मुख्यालयों सहित कुल 16 हेलीपोर्ट के निर्माण और विकास पर काम किया जा रहा है, जिससे हवाई परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा स्थित गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भी गंभीरता से कार्य कर रही है। भूमि अधिग्रहण के लिए राज्य सरकार अपने संसाधनों से 2,400 करोड़ रुपये की राशि लोगों को वितरित कर चुकी है। हवाई अड्डे के विस्तार के बाद इसे हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से सभी जिला मुख्यालयों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधाओं से जोड़ना, लोगों का समय बचाना और विकास के अवसरों को हर क्षेत्र तक पहुंचाना है। इससे पर्यटन को नई गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, विशेष सचिव पर्यटन विजय कुमार, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, पार्षदगण, पवन हंस लिमिटेड के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *