9 जून : सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत खतरवाड़ी का एक 30 वर्षीय युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के लापता होने और मसोह पुल के पास बीबीएमबी नहर में किसी व्यक्ति के छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
लापता युवक की पहचान आशीष कुमार (30) पुत्र दया राम निवासी गांव खतरवाड़ी, डाकघर अप्पर बेहली, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष कुमार अविवाहित है और सोमवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद अचानक घर से लापता हो गया था।
परिजनों ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।
इसी दौरान कुछ राहगीरों ने धनोटू-बग्गी संपर्क मार्ग पर स्थित मसोह पुल के पास बीबीएमबी नहर में किसी व्यक्ति के छलांग लगाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए स्थान से आगे एनडीआरएफ की सहायता से सर्च अभियान शुरू किया गया।
फिलहाल पुलिस केवल प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना के आधार पर आशंका के मद्देनजर तलाश अभियान चला रही है। नहर में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि खतरवाड़ी निवासी युवक के लापता होने और मसोह पुल के पास नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।