21 अक्तूबर: विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को नादौन और इंदौरा में आयोजित दशहरा महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सूर्यवंशी रामलीला क्लब नादौन और कृष्ण रामलीला क्लब इंदौरा के आयोजनों में भाग लिया तथा क्षेत्रवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक मलेंद्र राजन ने इंदौरा में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित भव्य ग्राउंड क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह मैदान क्षेत्र में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी बेहतर स्थान उपलब्ध करवाएगा। दशहरा उत्सव के आयोजन से इस मैदान की उपयोगिता और बढ़ गई है। भविष्य में भी यहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्राउंड को और अधिक भव्य एवं सुंदर बनाने के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही मैदान के समीप स्थित तालाब का भी सौंदर्यीकरण करवाया जाएगा, ताकि पूरे क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
मलेंद्र राजन ने कहा कि दशहरा सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक ने रामलीला क्लबों के प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, इंदौरा थाना प्रभारी आशीष पठानिया, सूर्यवंशी रामलीला क्लब के प्रधान आकाश कटोच, पूर्व प्रधान भूपाल कटोच, वर्तमान प्रधान सुरेश कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, मनोहर सिंह, कुलदीप शर्मा, अनिल कटोच, कृष्णा रामलीला क्लब इंदौरा के प्रधान सुमित चंद्र शर्मा, उमाकांत सुदन, सुदर्शन सिंह, संदीप कटोच, रंजीत कटोच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।