9 जून : मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना के बाद नशा तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 57.79 ग्राम चिट्टा और 3.81 ग्राम अफीम बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम थाना बल्ह क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों को वाहन चालक और उसके साथ मौजूद युवती की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। लोगों को आशंका हुई कि वाहन में कोई नशीला पदार्थ हो सकता है, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बल्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 57.79 ग्राम चिट्टा, 3.81 ग्राम अफीम तथा नशे के सेवन में प्रयुक्त होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान यशपाल निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा शबनम निवासी धर्मपुर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना बल्ह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।