21 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के बदाऊं गांव के भारतीय पैरा एथलीट निषाद कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। जापान के नागोया में आयोजित 5वें पैरा एशियाई खेलों में निषाद ने हाई जंप स्पर्धा में 2.04 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले वह लॉन्ग जंप में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर भी स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं। इस तरह उन्होंने दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
हाई जंप में लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे निषाद कुमार ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर विश्वस्तरीय खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाई है। वहीं, लॉन्ग जंप में पहली बार पैरा एशियाई खेलों में हिस्सा लेते हुए स्वर्ण पदक जीतना उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।
निषाद कुमार वर्ष 2019 से हाई जंप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2019 की विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद वर्ष 2022 और 2024 की विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक तथा वर्ष 2025 में स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2023 के पैरा एशियाई खेलों में भी वह स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 और 2024 के पैरालंपिक खेलों में हाई जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उन्होंने देश का नाम रोशन किया था।
निषाद की इस शानदार उपलब्धि से उनके पैतृक गांव बदाऊं सहित अम्ब उपमंडल और ऊना जिले में खुशी का माहौल है। उनके पिता रछपाल, माता पुष्पा देवी और बहन रमा देवी ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
निषाद कुमार की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।