केवल सिंह पठानिया ने की घोषणा, शाहपुर मैदान में बनेगा भव्य मंच, धारकंडी में नवंबर में होंगे दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम

21 अक्तूबर: जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया और उत्सव को और भव्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को अपने जीवन में उनका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शाहपुर दशहरा उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा मिलने से इसकी प्रतिष्ठा बढ़ी है और भविष्य में इसे और बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने घोषणा की कि शाहपुर मैदान में वर्तमान स्टेज का कायाकल्प कर उसकी जगह भव्य मंच बनाया जाएगा। इसके अलावा नवंबर में धारकंडी में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले पौने चार वर्षों में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

समारोह के दौरान केवल सिंह पठानिया ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रावण सहित अन्य पुतलों का दहन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भव्य आतिशबाजी का आनंद लिया। उन्होंने उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापार मंडल शाहपुर के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उत्सव के तहत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता टीमों को भी ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल रैत के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर नशामुक्ति का संदेश दिया। बच्चों के मनोरंजन के लिए चेयर रेस और मटका फोड़ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ शाहपुर दशहरा उत्सव का समापन हुआ।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *