लांझणी में नौ दिन के भीतर शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा, केवल सिंह पठानिया ने दिखाई हरी झंडी

19 अक्तूबर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लांझणी गांव के लोगों की वर्षों पुरानी बस सेवा शुरू करने की मांग पूरी हो गई है। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह है कि स्थानीय लोगों द्वारा मांग उठाए जाने के महज नौ दिन के भीतर बस सेवा शुरू कर दी गई।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि करीब सात-आठ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने लांझणी के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग रखी थी। उन्होंने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया और जल्द बस सेवा शुरू करवाने के प्रयास किए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बस सुबह 8:10 बजे धर्मशाला से रवाना होकर नरघोटा और लांझणी होते हुए टांडा पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 10 बजे टांडा से वापसी के दौरान बस इसी मार्ग से होकर गुजरेगी। इस बस सेवा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

विधायक ने बस सेवा शुरू करने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्रवासियों को यह सुविधा मिल पाई है। उन्होंने माता कुनाल पत्थरी जी के आशीर्वाद को भी इसका श्रेय दिया।

बस सेवा के शुभारंभ के बाद विधायक स्वयं स्थानीय लोगों के साथ बस में सवार होकर घरोह चौक तक पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। पंचायत प्रधान वनीता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और पूरी पंचायत की ओर से लांझणी के लिए बस सेवा शुरू करवाने पर केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद किया।

इसके बाद विधायक ने शाहपुर में जे स्वीट्स का भी शुभारंभ किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *