कांगड़ा के बालकरूपी में पूर्व सैनिक पर फायरिंग, टांग में लगी गोली; आरोपी फरार

20 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के बालकरूपी पंचायत क्षेत्र में मंगलवार सुबह पूर्व सैनिक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। रोजाना की तरह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकले 58 वर्षीय महेंद्र सिंह पर अचानक गोली चला दी गई। गोली उनकी टांग में लगी, जिससे वह घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश निवासी शत्रुघ्न के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी और घायल पूर्व सैनिक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह बद्दी स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे, जहां शत्रुघ्न भी उनके साथ कार्यरत था।

बताया जा रहा है कि मार्च महीने में जब महेंद्र सिंह ने फैक्ट्री की नौकरी छोड़ी थी, तब शत्रुघ्न ही उन्हें बद्दी से कांगड़ा स्थित उनके घर तक छोड़ने आया था। ऐसे में पूर्व सहकर्मी द्वारा अचानक फायरिंग किए जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब दोनों के बीच बद्दी में काम करने के दौरान किसी विवाद या पुरानी रंजिश की आशंका सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके पास के जंगल की ओर भागने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही आलमपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बैजनाथ के डीएसपी संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जंगल और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही फायरिंग के पीछे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *