धर्मशाला में नवंबर में हो सकता है विधानसभा का शीतकालीन सत्र, कुलदीप सिंह पठानिया ने दिए संकेत

20 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवंबर माह में आयोजित करने का प्रस्ताव है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के साथ चर्चा हुई है। पर्यटकों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवंबर में सत्र आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। वह सोमवार को जिला स्तरीय शाहपुर दशहरा उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।

शाहपुर पहुंचने पर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विधानसभा अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। इस दौरान एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर सहित विभिन्न अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

कुलदीप सिंह पठानिया ने नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केवल सिंह पठानिया की दूरदर्शी सोच से शाहपुर दशहरा उत्सव निरंतर आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में यह उत्सव नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने शाहपुर की जनता से मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि केवल सिंह पठानिया विधानसभा में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विधायकों में शामिल हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने शाहपुर दशहरा उत्सव के आयोजन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें सदैव उनका मार्गदर्शन और स्नेह मिलता रहा है। उन्होंने भविष्य में भी उनके सहयोग और आशीर्वाद की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया, नगर पंचायत अध्यक्ष बविता, उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षदगण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरयाम सिंह व ओंकार राणा, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ठाकुर व संदीप, भटियात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कंवर, कांग्रेस जिला महासचिव अजय बबली, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदीप बलौरिया, नीना ठाकुर, सरिता सैनी और मनीष पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *