भरवाई में नवरात्र मेले के दौरान दर्दनाक हादसा, दो बसों के बीच दबने से एसआई राजेश कुमार की मौत

19 अक्तूबर: चिंतपूर्णी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत भरवाई में नवरात्र मेले के दौरान यातायात जाम खुलवाते समय एक दर्दनाक हादसे में सब इंस्पेक्टर (एसआई) राजेश कुमार की मौत हो गई। शनिवार रात करीब 10 बजे यात्री निवास के पास एक तंग मोड़ पर वह दो बसों के बीच दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उनकी हालत बिगड़ गई। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्तूबर की रात नवरात्र मेले के चलते भरवाई में सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। पुलिस कर्मी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में जुटे थे। इसी दौरान मुबारिकपुर की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस और देहरा की ओर जा रही एक अन्य यात्री बस यात्री निवास के पास तंग मोड़ से गुजर रही थीं।

एसआई राजेश कुमार दोनों बसों को धीरे-धीरे निकालने के लिए सड़क के बीच खड़े होकर संकेत दे रहे थे। इसी दौरान वह अचानक दोनों बसों के बीच दब गए और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों ने उन्हें तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस उन्हें एंबुलेंस से टांडा ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें वापस चिंतपूर्णी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *