19 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में जेबीटी शिक्षकों के 600 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26015 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद यह परिणाम जारी किया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 597 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जबकि तीन पद खाली रह गए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों को ट्रेनी आधार पर भरने के लिए कुल 16,197 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 14,270 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी। परीक्षा के आधार पर 1,459 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था।
दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद 597 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण अनुसूचित जाति (स्वतंत्रता सेनानी के परिजन) वर्ग के तीन पद रिक्त रह गए हैं।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अंतिम परिणाम अभ्यर्थियों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।