जयसिंहपुर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव का आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने किया शुभारंभ

19 अक्तूबर: आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने रविवार को भव्य शोभायात्रा के साथ जयसिंहपुर के तीन दिवसीय राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव का शुभारंभ किया। उत्सव की शुरुआत उन्होंने जयसिंहपुर बस स्टैंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से मुख्य मेला मैदान तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मंत्री ने जयसिंहपुर चौगान में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया और उनका अवलोकन किया। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।

यादविंद्र गोमा ने प्रदेशवासियों को नवरात्र और विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर का दशहरा महोत्सव क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण पर्व है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। ऐसे उत्सव स्थानीय संस्कृति और कला को संरक्षित रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। इसके अलावा, इन आयोजनों से स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है।

समारोह के दौरान मंत्री ने पारंपरिक कन्या पूजन किया और स्थानीय लोक कलाकारों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। उन्होंने दशहरा महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में भी शिरकत की।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम संजीव ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष मीना कुमारी, उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, डीएसपी संदीप शर्मा, तहसीलदार ललित ठाकुर, नायब तहसीलदार राजीव शर्मा, विकास खंड अधिकारी सिकंदर कुमार सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *