इंदौरा की पांच पंचायतों के प्रतिनिधियों से विधायक मलेंद्र राजन ने की चर्चा, विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर हुआ मंथन

19 अक्तूबर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की समीक्षा और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक मलेंद्र राजन ने रविवार को वन विश्राम गृह इंदौरा में पांच पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद किया। बैठक में ग्राम पंचायत गगवाल, धोड़न, मलोट, राजाखासा और चनौर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार नए कार्यों को लेकर सुझाव लिए गए।

बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से विधायक को अवगत करवाया। मलेंद्र राजन ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा की।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए पंचायत स्तर पर लोगों की आवश्यकताओं को समझना और उनके आधार पर प्राथमिकता तय करना जरूरी है। जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ सीधा संवाद विकास कार्यों की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सड़क, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर विकास का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

मलेंद्र राजन ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से मिलने वाले सुझाव क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को समझने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा और जनता के साथ संवाद की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी, ताकि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *