जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, मंडी में 28 फील्ड ट्रेनरों को दिया प्रशिक्षण

20 अगस्त: जनगणना-2027 के दूसरे चरण को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए मंडी में फील्ड ट्रेनरों की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। डीआरडीए सभागार में संपन्न हुई इस कार्यशाला में मंडी के 26 और कांगड़ा के 2 सहित कुल 28 फील्ड ट्रेनरों ने प्रशिक्षण लिया। ये ट्रेनर आगे प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य से संबंधित प्रशिक्षण देंगे।

भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर-कम-मास्टर ट्रेनर हिमांशु तथा आनंद सोनी ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना-2027 के दूसरे चरण की प्रक्रिया और विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान सटीक और गुणवत्तापूर्ण आंकड़े जुटाने, सही जानकारी दर्ज करने, कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा जनगणना प्रक्रिया में आवश्यक सावधानियां बरतने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और विभिन्न प्रक्रियाओं को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इससे आंकड़ों के संग्रहण, निगरानी और प्रबंधन में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिला मंडी के बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण सितंबर माह में करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य आगामी बर्फबारी और कठिन मौसम के कारण जनगणना कार्य प्रभावित होने से बचाना है। इन क्षेत्रों में प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।

स्नोबाउंड क्षेत्रों में थुनाग, टिक्कन, छतरी, थाची और बगाचनोगी के सभी क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा पधर, मंडी, बालीचौकी, चच्योट, निहरी, करसोग, कटौला, पांगणा और बागशाड़ के चिन्हित क्षेत्रों में भी जनगणना कार्य किया जाएगा।

डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर-कम-मास्टर ट्रेनर हिमांशु ने बताया कि स्नोबाउंड क्षेत्रों के नागरिक 17 से 31 अगस्त 2026 तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके बाद 1 से 30 सितंबर तक प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्व-गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें और प्रगणकों के घर पहुंचने पर भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का दूसरा चरण जिले में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *