कांगड़ा के पालमपुर में पठानकोट-मंडी हाईवे पर पलटी निजी बस, दो यात्री घायल

7 अक्तूबर : कांगड़ा जिले में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा पालमपुर में एचआरटीसी वर्कशॉप के समीप हुआ। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार निजी बस बैजनाथ से पालमपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस एचआरटीसी वर्कशॉप के पास पहुंची, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर बस के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे में दो यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय पालमपुर पहुंचाया गया। इनमें मझैरना निवासी 60 वर्षीय बिगना देवी को अधिक चोटें होने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। दूसरे घायल यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

बस के सड़क पर पलटने से पठानकोट-मंडी हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी भगवान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। जाम में स्कूली बच्चों के वाहन भी फंस गए, जिससे बच्चों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को वन-वे करवाकर वाहनों की आवाजाही बहाल करवाई। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *