7 अक्तूबर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को मनाली पहुंचीं। उनका हेलीकॉप्टर सासे हैलीपैड पर उतरा। इससे पहले राष्ट्रपति भवन के स्टाफ के साथ जल, थल और वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी अन्य हेलीकॉप्टरों से मनाली पहुंच चुके थे। राष्ट्रपति के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मनाली का सर्किट हाउस राष्ट्रपति आवास और कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। आसपास के कुछ होटलों को भी बुक किया गया है।
राष्ट्रपति और उनके स्टाफ तथा अन्य अधिकारियों के रहने और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को गोपनीय रखा गया है। व्यवस्थाओं की निगरानी मुख्य रूप से केंद्र सरकार से जुड़े विभागों और उपक्रमों के अधिकारी कर रहे हैं। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मनाली और उनके प्रस्तावित दौरे वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा के लिए करीब 600 पुलिस और होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं।
7 अक्तूबर को अटल टनल की ओर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव रहेगा। सुबह 6:30 बजे से सिस्सू की ओर से मनाली आने वाले सामान्य वाहनों को अटल टनल से आने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को रोहतांग पास का उपयोग करना होगा। सुबह 8:30 बजे से मनाली से अटल टनल की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित नाकों पर रोक दिया जाएगा। सुबह 9:10 बजे राष्ट्रपति का काफिला मनाली से अटल टनल के लिए रवाना होगा। इसके बाद पलचान से आगे अटल टनल की ओर केवल हल्के मोटर वाहन और आपातकालीन वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
काफिले की वापसी और सुरक्षा व्यवस्था सामान्य होने के बाद यातायात बहाल किया जाएगा। करीब दोपहर 2 बजे तक यातायात प्रतिबंध रहने की संभावना है। प्रशासन ने पर्यटकों से 7 अक्तूबर को सुबह से दोपहर 2 बजे तक अटल टनल की यात्रा से बचने और यात्रा से पहले स्थानीय ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट, सासे हैलीपैड के अलावा लाहौल-स्पीति और मंडी जिले के हैलीपैडों को भी रिजर्व रखा गया है। राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान आवश्यकता पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जा सकता है। राष्ट्रपति कार्यालय और एसपीजी की अनुमति के बिना इन स्थानों पर किसी भी वायुयान की लैंडिंग या टेकऑफ नहीं होगा।
वीवीआईपी मूवमेंट या आपात स्थिति में अनुमति मिलने के बाद ही विमान उतारे जा सकेंगे। राष्ट्रपति और उनके कार्यालय से जुड़े अधिकारियों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान हॉटलाइन नंबरों के माध्यम से किया जा रहा है। दिल्ली से मिले निर्देशों के आधार पर बीएसएनएल ने इन हॉटलाइन नंबरों की व्यवस्था की है। सासे हैलीपैड पर मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत सहित अन्य लोगों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया।