अम्ब में पुलिस नाके से भागे नशा तस्करों ने एसएचओ को मारी टक्कर, 14.50 ग्राम चिट्टे समेत दो गिरफ्तार

7 अक्तूबर: ऊना जिले के अम्ब थाना क्षेत्र के नकड़ोह में पुलिस नाके के दौरान चैकिंग से बचने के लिए भाग रहे कार सवार दो नशा तस्करों ने ड्यूटी पर तैनात थाना प्रभारी (एसएचओ) विपिन कुमार को गाड़ी से टक्कर मार दी। हादसे में एसएचओ घायल हो गए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों आरोपियों को गाड़ी समेत पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे और घर से कुल 14.50 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह उर्फ जोनी निवासी वार्ड नंबर-4, कैलाश नगर, नकड़ोह और जसकीरत सिंह निवासी देवनगर, गगरेट के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार अम्ब पुलिस को नकड़ोह क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान कार ने सामने खड़े एसएचओ विपिन कुमार को टक्कर मार दी और आरोपी मौके से भागने लगे।

पुलिस टीम ने तुरंत कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 5.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह के नकड़ोह स्थित घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 8.73 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद किया गया।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अलावा सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिस अधिकारी को वाहन से टक्कर मारने के संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

घायल एसएचओ विपिन कुमार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी में है। पूछताछ के जरिए पुलिस इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *