7 अक्तूबर: ऊना जिले के गवर्नमेंट हाई स्कूल जनकौर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मिड-डे मील से जुड़े कमरे में रसेल वाइपर सांपों का एक जोड़ा दिखाई दिया। स्कूल स्टाफ की समय रहते नजर पड़ने से बड़ा हादसा टल गया। सांपों के दिखाई देने के बाद बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह स्कूल खुलने के बाद मिड-डे मील वर्कर और स्टाफ सदस्य कमरे की सफाई करने पहुंचे। जैसे ही कमरे का दरवाजा खोला गया, अंदर दो रसेल वाइपर सांप कुंडली मारे बैठे दिखाई दिए। जहरीले सांपों को देखकर स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार जिस कमरे में सांप मिले, उसकी दीवार के पास एक छोटा छेद बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि बरसात और ठंड के मौसम के कारण सांप इसी रास्ते से कमरे के अंदर दाखिल हुए होंगे। गनीमत रही कि कमरे में बच्चों या स्टाफ के पहुंचने से पहले ही सांपों पर नजर पड़ गई।
सांपों को देखने के बाद स्कूल की कार्यकारी मुख्याध्यापिका अंजू बाला और टीजीटी हिंदी मंजीत कौर ने तुरंत स्नेक कैचर जितेंद्र उर्फ बल्लू से संपर्क किया। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर स्कूल पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों रसेल वाइपर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद दोनों सांपों को आबादी से दूर सुरक्षित जंगली क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
स्नेक कैचर जितेंद्र ने बताया कि करीब 2-3 दिन पहले ऊना के पुलिस अधीक्षक के सरकारी आवास से भी दो सांपों को रेस्क्यू किया गया था। इनमें एक रसेल वाइपर और दूसरा कोबरा था। उन्होंने बताया कि इन दिनों ऊना में कई जगहों पर सांप निकलने के मामले सामने आ रहे हैं।