19 अक्तूबर: कनाडा की राजधानी ओटावा स्थित पार्लियामेंट हिल में आयोजित कुल्लू दशहरा समारोह को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचली प्रवासी ग्लोबल एसोसिएशन (एचपीजीए) और विदेश में रह रहे सभी हिमाचलियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। विश्वभर में भारतीय प्रवासियों द्वारा जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ भारतीय त्योहारों एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मनाया जाता है, वह भारतीय मूल्यों और पीढ़ियों से चली आ रही विविधता में एकता की गौरवशाली विरासत को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि ऑरलियन्स की सांसद मैरी-फ्रांस लालोंद की मेजबानी में आयोजित इस समारोह में हिमाचल की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में नाटी, झमाकड़ा और रामलीला की प्रस्तुतियों ने हिमाचली संस्कृति के रंग बिखेरे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी कुल्लू दशहरा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने तथा हर परिस्थिति में सही का साथ देने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर एचपीजीए के निदेशक मंडल के सदस्य भाग्य चंद्र, अरुण चौहान, विवेक नज़र, संजीव ठाकुर, आशु कालिया और पूनम गुलरिया भी उपस्थित रहीं।