20 अक्तूबर: विधायक मलेंद्र राजन ने ठाकुरद्वारा में जल शक्ति विभाग की ओर से 98 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों को बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़ी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया है तथा उनके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण कार्य जारी है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पराल-ठाकुरद्वारा और त्योडा पत्तन पुलों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेज दी गई है। इन पुलों के निर्माण से क्षेत्र की संपर्क सुविधाओं में सुधार होगा। मिलवां पंचायत में शुगर मिल स्थापित करने का प्रस्ताव भी सरकार के समक्ष रखा गया है।
मलेंद्र राजन ने कहा कि क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए करोड़ों रुपये की लागत से विद्युत उपकरणों को अपग्रेड किया गया है। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में सामुदायिक भवन और सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर आवश्यक धनराशि मुहैया करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इसी तरह भूमि की उपलब्धता के आधार पर ओपन जिम और खेल मैदान विकसित करने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे। इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ अधिक से अधिक विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा स्कूल को इस वर्ष सीबीएसई से संबद्ध करवाया गया है।
इससे पहले विधायक मलेंद्र राजन ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंड मयाणी का दौरा किया और विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को अष्टमी और रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत ठाकुरद्वारा के प्रधान शम्मी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अनूप ठाकुर, राणा प्रताप, बी.जे. शर्मा, केवल कृष्ण फौजी, जुगल किशोर, मनोहर सिंह, सुषमा देवी, उर्मिला देवी, रानी देवी, वीणा देवी, बीडीसी सदस्य विनोद कुमार, यूथ अध्यक्ष विजेंद्र पठानिया, नीरज, कन्नब और अरुण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवेंद्र सिंह, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सान्याल तथा लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव भी मौजूद रहे।