भाजपा की कोर समिति की बैठक में संगठन और चुनावी तैयारियों पर होगी चर्चा

6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा की प्रदेश कोर समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को शिमला स्थित चक्कर के पार्टी प्रदेश मुख्यालय ‘दीप कमल’ में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल करेंगे।

सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस मैराथन बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा तथा चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा होगी।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सुरेश कश्यप, सतपाल सिंह सत्ती, सुरेश चंदेल, डॉ. सिकंदर कुमार, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल, विपिन सिंह परमार, राजीव सहजल, हर्ष महाजन, रणधीर शर्मा, संजीव कटवाल और पायल वैद्य सहित कोर समिति के सदस्य मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा तथा प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन स्थायी आमंत्रित सदस्यों के रूप में बैठक में विशेष रूप से शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में संगठनात्मक मजबूती, राजनीतिक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *