15 अक्तूबर: सिरमौर और शिमला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र कुपवी में 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता से लौट रहे हमीरपुर जिले के एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान 12वीं कक्षा के छात्र आयुष कौंडल के रूप में हुई है। हादसा कुपवी से करीब तीन किलोमीटर दूर धार च्यामा के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद विभिन्न विद्यालयों की टीमें अपने-अपने गृह जिलों की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाल्टी, हमीरपुर की टीम को लेकर जा रही बस धार च्यामा के पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि आयुष बस की खिड़की के पास बैठा था। इसी दौरान उसका सिर खिड़की से बाहर होने के कारण सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गया। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद शिक्षकों और सहपाठियों ने एंबुलेंस व स्थानीय वाहनों की सहायता से आयुष को नागरिक अस्पताल कुपवी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आयुष कौंडल पुत्र हुकम सिंह, हमीरपुर जिले की तहसील के गांव बखरोटी, डाकघर लज्या का निवासी था। छात्र की असामयिक मौत से उसके परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।