सोलन में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, जंगल में फेंका शव; दोनों गिरफ्तार

6 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। रविवार सुबह शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मामला कसौली विधानसभा क्षेत्र की बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव का है। मृतक मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात उसके घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला और उसके कथित प्रेमी ने चाकू से हमला कर व्यक्ति की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने जंगल में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

सोलन के पुलिस अधीक्षक टी.एस.डी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *