15 अक्तूबर: कांगड़ा जिले के पालमपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10.41 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में दो युवकों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्तूबर 2026 को थाना पालमपुर पुलिस और सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मेन बाजार स्थित गुरु कृपा हैंडलूम में तलाशी ली। इस दौरान एक पार्सल में छिपाकर रखी गई 10.41 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
मामले में पालमपुर के गुरुद्वारा रोड निवासी 27 वर्षीय वरुण खन्ना और बैजनाथ के मझैरना निवासी 27 वर्षीय अमित कुमार को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 146/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया है। अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वरुण खन्ना की तलाश की जा रही है।
कांगड़ा पुलिस ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशे की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।