चंबा के सनौथा में गोवंश के अवशेष मिलने पर हंगामा, हिंदूवादी संगठनों ने किया चक्का जाम

15 अक्तूबर: जिला चंबा के घघरौता पंचायत के अंतर्गत सनौथा गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले को लेकर बुधवार को शहर में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। घटना के विरोध में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के सदस्यों ने चंबा के मुख्य चौक पर गोवंश के अवशेष सड़क पर रखकर चक्का जाम किया और जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

चक्का जाम के चलते मुख्य चौक के आसपास यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने जीरो प्वाइंट से आगे वाहनों की आवाजाही रोक दी। इस दौरान एक टेंपो चालक द्वारा वाहन निकालने का प्रयास करने पर प्रदर्शनकारियों ने वाहन का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्कामुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में जिला व्यापार मंडल के आह्वान पर शहर के कारोबारियों ने दोपहर 12 बजे तक दुकानें बंद रखीं।

गौरतलब है कि मंगलवार को सनौथा गांव में गोवंश को काटे जाने की सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों के सदस्य विरोध में उतर आए थे। उन्होंने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बुधवार को प्रदर्शनकारी उपायुक्त को मौके पर बुलाकर बातचीत करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान एडीसी अमित मेहरा, एसडीएम चिराग शर्मा, एएसपी दिनेश शर्मा और डीएसपी मुख्यालय बलदेव दत्त ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी उपायुक्त के आने तक चक्का जाम जारी रखने पर अड़े रहे।

दोपहर करीब तीन बजे उपायुक्त मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *