6 जुलाई: बरोटीवाला में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई। हरिपुर से अपने पिता और छोटे भाई के साथ बाइक पर बद्दी लौट रहा विनायक ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार अपने दोनों बेटों विनायक और नैतिक के साथ बाइक पर हरिपुर से बद्दी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे लक्कड़ डिपो के पास पुल पर पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आए एक वाहन ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे बैठा विनायक सड़क पर गिरकर ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान विनायक निवासी खैर, आशा बिहार के रूप में हुई है। उसके पिता राजेश कुमार बद्दी की एक कंपनी में कार्यरत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।