यमुना एक्सप्रेसवे पर वोल्वो बस ट्रेलर से टकराई, चार यात्रियों की मौत

30 जून : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के राया क्षेत्र में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक वोल्वो बस आगे चल रहे गिट्टी से भरे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना तड़के करीब 3:15 बजे माइल स्टोन 112 और 113 के बीच हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 19 घायलों का उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन में सामान्य गति से चल रहा था, तभी बस पीछे से उससे टकरा गई और उसका अगला हिस्सा ट्रेलर में दो से तीन मीटर तक घुस गया। मृतकों की पहचान की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *