24 नवम्बर: उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल के विकास को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले ले रही है। सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं से कांगड़ा जिले में न्यायिक सुविधाओं, पर्यटन, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
धर्मशाला में हाईकोर्ट की स्थायी पीठ का प्रस्ताव ऐतिहासिक पहल
पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित करने का प्रस्ताव विधानसभा में प्रस्तुत करना एक महत्वपूर्ण और दूरगामी निर्णय है। इससे कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना, मंडी और कुल्लू सहित निचले हिमाचल के अन्य जिलों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए शिमला जाने की लंबी यात्रा से राहत मिलेगी। इससे लोगों के समय और धन की बचत होगी तथा न्यायिक सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हो सकेंगी।
कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी बनाने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट के रनवे को मौजूदा 1,376 मीटर से बढ़ाकर 3,010 मीटर करने की योजना बनाई गई है। इससे एयरबस ए-320 जैसे बड़े विमानों के संचालन का रास्ता खुलेगा। हवाई संपर्क बेहतर होने से कांगड़ा घाटी, धर्मशाला और मैक्लोडगंज में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही होटल व्यवसाय, स्थानीय व्यापार, टैक्सी ऑपरेटरों और होम-स्टे संचालकों के लिए नए अवसर पैदा होंगे तथा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
619 करोड़ से विकसित होगा दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान
पठानिया ने कहा कि देहरा उपमंडल के बनखंडी में लगभग 619 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान कांगड़ा जिले के लिए एक बड़ी परियोजना है। करीब 180 से 190 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाले इस प्राणी उद्यान से पर्यटन के साथ वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे देहरा और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
300 करोड़ के डगवार मिल्क प्लांट से पशुपालकों को लाभ
उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले के डगवार में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जा रहा आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस संयंत्र की शुरुआती प्रसंस्करण क्षमता प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर तीन लाख लीटर प्रतिदिन किया जा सकेगा। इससे कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और चंबा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को लाभ मिलेगा। दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर व्यवस्था से पशुपालकों को अपनी उपज का उचित लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
जनहित के फैसलों से मजबूत होगा हिमाचल का भविष्य
पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार न्यायिक सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन विकास, किसानों और पशुपालकों की आर्थिक मजबूती तथा आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर काम कर रही है। धर्मशाला में हाईकोर्ट की स्थायी पीठ का प्रस्ताव, कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान और डगवार में आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट जैसी परियोजनाएं कांगड़ा के भविष्य को नई दिशा देंगी। इनका लाभ पूरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा। उन्होंने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।