24 नवम्बर: एचआरटीसी ड्राइवर एवं कंडक्टर यूनियन हमीरपुर ने पंजाब के घनोली में निगम के चालक के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में हमीरपुर वर्कशॉप में पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की।
स्टेट ड्राइवर यूनियन के प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम की कोई भी बस अब पंजाब और हरियाणा के रॉन्ग साइड स्थित ढाबों पर नहीं रुकेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हमीरपुर डिपो के चालक के साथ मारपीट करने वाले दोनों ड्राइवरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो यूनियन सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।
उन्होंने निगम के उच्चाधिकारियों से भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में बाहरी राज्यों में निगम के चालकों और परिचालकों को इस तरह की घटनाओं का सामना न करना पड़े। प्रदर्शन के दौरान हमीरपुर डिपो के बड़ी संख्या में चालक और परिचालक मौजूद रहे।