नादौन के फतेहपुर की मौनी बाबा कुटिया में कार्तिक पूर्णिमा पर धार्मिक आयोजन, बच्चों ने किया गीता और विष्णु सहस्रनाम का पाठ

24 नवम्बर, नरेश मलोटिया: फतेहपुर (जलाड़ी) स्थित पूज्य मौनी बाबा कुटिया में कार्तिक पूर्णिमा, पंच भीष्म एवं सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विष्णु सहस्रनाम और श्रीमद्भगवद्गीता के सामूहिक पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विद्वानों, आचार्यों, साधकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूज्य मौनी बाबा आध्यात्मिक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रतन चंद शर्मा ने की, जबकि संयोजक आचार्य नरेश मलोटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन की खास बात यह रही कि छोटे-छोटे बच्चों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों और विष्णु सहस्रनाम का पाठ किया। बच्चों द्वारा किए गए मंत्रोच्चारण से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति और धार्मिक संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।

डॉ. रतन चंद शर्मा ने पंच भीष्म के पांच दिनों के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महाभारत में भीष्म पितामह ने शरशय्या पर रहते हुए अपने अंतिम समय में पांडवों, विशेषकर धर्मराज युधिष्ठिर को धर्म, नीति, राजधर्म, कर्तव्य और सदाचार से संबंधित महत्वपूर्ण उपदेश दिए थे। भगवान श्रीकृष्ण की उपस्थिति में भीष्म पितामह द्वारा दिया गया ज्ञान आज भी मानव जीवन के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि पंच भीष्म का पावन समय सत्य, धर्म, त्याग, संयम और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि सनातन परंपरा में यह तिथि स्नान, दान, पूजा-पाठ, जप और आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष महत्व रखती है। वहीं, गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को एकता, समानता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनके उपदेशों में मानव कल्याण और सामाजिक सद्भाव की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि इन पावन अवसरों का एक साथ आना समाज को धर्म, अध्यात्म, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

धार्मिक अनुष्ठान एवं सामूहिक पाठ के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। कार्तिक पूर्णिमा पर प्रचलित खिचड़ी वितरण की परंपरा के तहत श्रद्धालुओं को खिचड़ी के साथ घी और दही की प्रसादी वितरित की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली। विशेष रूप से बच्चों की सहभागिता ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *