पंजाब के घनोली में एचआरटीसी चालक से मारपीट, हमीरपुर में यूनियन ने पंजाब सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

24 नवम्बर: हमीरपुर से वृंदावन जा रही एचआरटीसी की हमीरपुर डिपो की बस के चालक के साथ पंजाब के घनोली में सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे मारपीट का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, चिह्नित ढाबे पर जाने के लिए चालक ने बस को यू-टर्न लिया, तभी दूसरी तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के दो चालकों ने बस चालक को नीचे उतारने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बस में तैनात परिचालक और यात्रियों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और बस को साथ लगती पुलिस चौकी ले गए।

आरोप है कि पुलिस चौकी में मारपीट को लेकर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इतना ही नहीं, निगम के चालक-परिचालक और यात्रियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इससे आहत होकर चालक, परिचालक और यात्रियों ने रात करीब डेढ़ बजे पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बस में उस समय करीब 50 यात्री सफर कर रहे थे।

इस घटना के विरोध में एचआरटीसी ड्राइवर एवं कंडक्टर यूनियन हमीरपुर ने हमीरपुर वर्कशॉप में पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्टेट ड्राइवर यूनियन के प्रांतीय प्रधान मान सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम की कोई भी बस अब पंजाब और हरियाणा के रॉन्ग साइड स्थित ढाबों पर नहीं रुकेगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हमीरपुर डिपो के चालक के साथ मारपीट करने वाले दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो यूनियन सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने निगम के उच्चाधिकारियों से भी मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में बाहरी राज्यों में निगम के चालक और परिचालक ऐसी घटनाओं का सामना न करें। प्रदर्शन में हमीरपुर डिपो के बड़ी संख्या में चालक और परिचालक मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *