24 नवम्बर: शिमला। संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए चोरी की गई मंदिर की पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31) निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला की निशानदेही पर कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल से चोरी हुआ सामान बरामद किया।
पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में अभियोग संख्या 236/26 दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी हितेन्द्र कंवर को 23 नवंबर 2026 को धारा 120B BNS के तहत गिरफ्तार किया गया था।
आरोपी से पूछताछ और आगामी जांच के दौरान उसकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई संपत्ति बरामद की गई। इसमें हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाओं सहित विभिन्न धार्मिक आभूषण एवं अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
बरामदगी के दौरान संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद सामान की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की। पुलिस के अनुसार चोरी की गई संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है और सभी सामान को नियमानुसार कब्जे में लिया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।