20 अक्तूबर: जयसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय दशहरा महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने उनका स्वागत किया और महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया। उत्सव समिति की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अभिन्न अंग हैं। इन्हें संजोकर रखना समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी सहयोग, सौहार्द, समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध परंपराओं और संस्कृति का सजीव परिचय कराते हैं। इन उत्सवों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने तथा प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।
आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा का जयसिंहपुर दशहरा महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर का दशहरा स्थानीय लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। हर वर्ष इस महोत्सव को उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। उन्होंने आयोजन समिति की ओर से किए गए बेहतर प्रबंधों की भी सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, उत्सव समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।