20 अक्तूबर: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में बहुद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर के खेल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने सोमवार को मंडी जिला के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए ये घोषणाएं कीं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 हजार रुपये देने का भी ऐलान किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि इस वर्ष पांच हजार अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर कुल नियुक्तियों का आंकड़ा लगभग 15 हजार तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास विद्यार्थियों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन खेल छात्रावासों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ठोडो और कुराश सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 48 पदक हासिल किए थे। विभाग का लक्ष्य पदकों की संख्या को पहले 60 और उसके बाद 100 तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सीबीएसई पैटर्न पर स्कूल शुरू होने से लोगों का विश्वास बढ़ा है। इससे ग्रामीण परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने सरकाघाट, मंडप, सुजाओ, पिपलू और गद्दीधार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीबीएसई पैटर्न पर स्कूल शुरू होने का उल्लेख किया।
शिक्षा मंत्री ने बहरी स्कूल में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैडमिंटन स्पोर्ट्स क्लब का उद्घाटन भी किया।