20 अक्तूबर: विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के धानग गांव में विधायक किशोरी लाल ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत 45 लाभार्थियों को 13 लाख 70 हजार रुपये की लागत के कृषि उपकरण, स्प्रे पंप और इलेक्ट्रिक हैंड प्लेनर वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि आधुनिक उपकरण किसानों के कृषि कार्यों को आसान बनाने के साथ उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। इन उपकरणों से किसानों को खेतीबाड़ी के कार्यों में सुविधा मिलेगी, वहीं बढ़ई का काम करने वाले लोगों को इलेक्ट्रिक हैंड प्लेनर से अपना कार्य अधिक सरलता और कुशलता से करने में मदद मिलेगी।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, बागवानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य आधुनिक कृषि उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर किसानों की मेहनत कम करना तथा उनकी कार्यक्षमता और उत्पादन बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके बाद विधायक ने माधोनगर गांव में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
होली-उतराला सड़क का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि यह सड़क बैजनाथ और भरमौर क्षेत्र को जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। सड़क के बैजनाथ मंडल के अंतर्गत आने वाले हिस्से का निर्माण विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया गया है और प्रदेश सरकार की ओर से इसके निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने की बात कही गई है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, प्रधान धानग कृष्ण लता, उपप्रधान रोहित कपूर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र जमवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, वीके राणा, जोगिंद्र कपूर, संसार, भगवान दास और सुरेंद्र राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।