19 अक्तूबर: विधायक सुरेश कुमार ने पंचायतीराज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं से सरकार को अवगत करवाएं, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार की जा सकें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया।
विधायक सोमवार को भोरंज मिनी सचिवालय परिसर में विकास खंड भोरंज के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं लोकतंत्र की बुनियादी इकाइयां हैं। इनकी मजबूती और जनप्रतिनिधियों की जागरूकता से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था सशक्त होती है।
सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायतीराज संस्थाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दे रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझें और सभी पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
विधायक ने कहा कि यदि किसी पंचायत में किसी महत्वपूर्ण विकास परियोजना की आवश्यकता है, तो संबंधित जनप्रतिनिधि इसकी जानकारी उन्हें दें। पंचायतों से प्राप्त मांगों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।
कार्यशाला में एसडीएम शशिपाल शर्मा, सहायक आयुक्त एवं बीडीओ रजत चौधरी, कपिल पठानिया, अनिल कुमार और अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को वीबी-जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश चौधरी, बीडीसी अध्यक्ष पूनम कुमारी, उपाध्यक्ष एवं अन्य सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य और पंचायत सचिव भी उपस्थित रहे।