एचपीआरसीए ने फाइन आर्ट्स शिक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम किया घोषित, 82 उम्मीदवार चयनित

19 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में फाइन आर्ट्स शिक्षकों के 118 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26033 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा और दस्तावेजों की जांच के बाद कुल 82 उम्मीदवारों का चयन किया गया है, जबकि पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 36 पद खाली रह गए हैं।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 152 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 128 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी। परीक्षा के आधार पर 106 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था। 24 सितंबर को आयोजित दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद 82 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया है।

रिक्त रह गए 36 पदों में सामान्य वर्ग का एक, सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के आठ, सामान्य स्वतंत्रता सेनानी परिजन वर्ग का एक, ओबीसी वर्ग के 10, ओबीसी बीपीएल के चार, एससी वर्ग के सात, एससी बीपीएल के तीन, एससी स्वतंत्रता सेनानी परिजन वर्ग का एक और एसटी वर्ग का एक पद शामिल है।

आयोग के सचिव ने बताया कि अंतिम परिणाम उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *