सराहन में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, नेताओं ने हिमाचल के विकास में उनके योगदान को किया याद

19 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रविवार को उनकी जन्मस्थली सराहन में अनावरण किया गया। बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया और वीरभद्र सिंह के प्रदेश के विकास में योगदान को याद किया।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ लोगों के दिलों में भी विशेष स्थान बनाया। उन्हें उनके मंत्रिमंडल में काम करने का अवसर मिला, जिसे वह अपना सौभाग्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि रामपुर और रोहड़ू क्षेत्रों में हुए विकास कार्य वीरभद्र सिंह की दूरदर्शी सोच को दर्शाते हैं। रामपुर से चुनाव नहीं लड़ने के बावजूद उन्होंने इस क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जलविद्युत परियोजनाओं की स्थापना, सड़कों के विस्तार और बुनियादी सुविधाओं के विकास में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माण में डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश को आधुनिक स्वरूप देने में वीरभद्र सिंह का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने वीरभद्र सिंह को युगपुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना जीवन प्रदेश की सेवा और विकास के लिए समर्पित किया। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा। उन्होंने पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और कार्यक्रम में उपस्थित अन्य नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह को किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं किया जा सकता। पूरा हिमाचल प्रदेश उनकी कर्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह मां भीमाकाली को अपनी आराध्य शक्ति मानते थे और अपने राजनीतिक जीवन में अष्टमी के दिन उनका आशीर्वाद लेने सराहन पहुंचते थे। उनकी जन्मस्थली पर प्रतिमा का अनावरण उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई दिशा मिली। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के उन्नयन के कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा, झाकड़ी के ब्रॉनी खड्ड पर पुल निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *