27 अगस्त: देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमडी, एमएस और अन्य स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-पीजी परीक्षा 30 अगस्त को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला हमीरपुर में तीन परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बुधवार शाम जिला प्रशासन, पुलिस, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और तीनों परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों एवं आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) द्वारा टीसीएस के माध्यम से आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए नालंदा कॉलेज ऑफ एजूकेशन झनियारी, न्यू गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल गोपालनगर, पक्का भरो और सेवन स्टार इंटरनेशनल स्कूल बणी, बड़सर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
एडीसी ने तीनों परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों को एनबीईएमएस के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने एसडीएम हमीरपुर, एसडीएम बड़सर और संबंधित पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा।
एडीसी ने बताया कि नीट-पीजी परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। हालांकि, परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7 बजे से शुरू कर दिया जाएगा, ताकि परीक्षा शुरू होने से पहले प्रवेश और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
उन्होंने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, प्रवेश व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।