26 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से मंडी जिले के ऐहन में कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ किया। इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर लंबे जलाशय क्षेत्र में पर्यटकों को विभिन्न रोमांचक जल क्रीड़ाओं का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इनमें स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज शामिल हैं। इन गतिविधियों से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने और पर्यटन संबंधी कारोबार को गति मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स की शुरुआत से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर मौजूद रहे। वहीं, ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।