संविधान दिवस पर सुंदरनगर में एसडीएम अमर नेगी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की दिलाई शपथ

26 नवम्बर:संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को सुंदरनगर उपमंडल के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर शपथ ली। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने तथा उनके अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में एसडीएम अमर नेगी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और समान अवसर सुनिश्चित करने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया।

इसी क्रम में बीडीओ कार्यालय सुंदरनगर एवं निहरी, रोजगार कार्यालय, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय, आयुष विभाग, लोक निर्माण विभाग, सहायक लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय और जल शक्ति विभाग सुंदरनगर सहित उपमंडल के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक आदर्शों का पालन करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *