26 नवम्बर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों और शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी भी एकजुट राष्ट्र के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए जवानों का बलिदान और उनकी निस्वार्थ सेवा हमेशा देश की स्मृतियों में जीवित रहेगी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले की दुखद बरसी पर वह अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को नमन करती हैं। साथ ही, आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े होने वाले बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के साहस को सलाम करती हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद भले ही लोगों की जिंदगी तबाह कर सकता है, लेकिन साहस, करुणा और दृढ़ संकल्प के साथ एकजुट राष्ट्र के हौसले को कभी नहीं तोड़ सकता।
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। इस अवसर पर आतंकवाद को हर रूप में समाप्त करने और अधिक शांतिपूर्ण एवं मानवीय दुनिया के निर्माण के सामूहिक संकल्प को दोहराने की जरूरत है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 10 आतंकवादियों ने मुंबई में सिलसिलेवार आतंकी हमलों को अंजाम दिया था। ये हमले 29 नवंबर तक चले थे। आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे, दो अस्पतालों, नरीमन हाउस, ताज महल पैलेस और ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल सहित कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था।
चार दिनों तक चले इन हमलों में 166 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 300 लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों के अभियान में नौ हमलावर मारे गए थे, जबकि अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। उसे वर्ष 2010 में मौत की सजा सुनाई गई और 2012 में फांसी दी गई थी।
26/11 का आतंकी हमला भारतीय इतिहास के सबसे दुखद अध्यायों में शामिल है। यह दिन देश को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षाकर्मियों के अदम्य साहस और उनके सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है।