26 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत की प्राचीन देव संस्कृति और समृद्ध सनातन परंपराएं देश की आध्यात्मिक शक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का आधार हैं। इस अमूल्य विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आधुनिक विकास के साथ अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई पहचान दिला रहा है।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी गांव स्थित श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज मंदिर में माथा टेका और प्रदेश व देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव के स्वरूप में पूजे जाने वाले श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज सत्य, न्याय, धर्म और लोक कल्याण के प्रतीक हैं। देवता के गांव-गांव भ्रमण की अनूठी परंपरा समाज में एकता, आपसी सम्मान और सामूहिक आस्था की भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की साझा देव संस्कृति देश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक एकता का अनूठा उदाहरण है। यह परंपरा भौगोलिक सीमाओं से परे आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देती है। राज्यपाल ने युवाओं को सनातन मूल्यों, स्थानीय परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा समाज ही नैतिक रूप से सशक्त और सामाजिक रूप से उत्तरदायी बन सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इनका योजनाबद्ध और सतत विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है। इससे प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिलेगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्त, समृद्ध, सांस्कृतिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज की कृपा समस्त मानवता पर बनी रहे।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।